पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ प्रदर्शन करते हैं
जम्मू। शहर के गुमट इलाके में रानी मोहल्ला में बिजली की समस्या रहती है। इसके निदान के लिए इलाके में भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर लगाना था। सोमवार को विभाग की टीम ट्रांसफार्मर लगाने पहुंची तो पेट्रोल पंप संचालक ने इसका विरोध किया और पेट्रोल पंप की सुरक्षा के लिए ट्रांसफार्मर नहीं लगाने दिया।
उनका कहना था कि पेट्रोल पंप के साथ ट्रांसफार्मर का लगा सुरक्षा दृष्टिकोण से सही नहीं है क्योंकि शॉर्ट सर्किट होने की स्थिति में पेट्रोल पंप में आग लग सकती है। ट्रांसफार्मर नहीं लगने देने पर स्थानीय लोग बाहर निकले और पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप संचालक ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट में जाने की बात कही और ट्रांसफार्मर लगाने से मना कर दिया।
लोगों ने पेट्रोल पंप को बंद करवा कर नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पुलिस बल पहुंचा और लोगों को शांत करवाया। लोगों ने कहा कि मोहल्ले में बिजली की बड़ी समस्या है, वोल्टेज काफी कम आती है। ब्यूरो