- शहर में दिन में दो घंटे लग रहा बिजली कट, पानी का संकट गहराया
- तय समय से कम में आ रहा पानी, रोजमर्रा के काम हो रहे प्रभावित
- बिजली कटौती के कारण घरों में लोगों के छूट रहे पसीने
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गर्मी और तपिश बढ़ते ही शहर में बिजली-पानी के लिए हाहाकार मचना शुरू हो गया है। जैसे ही तापमान 41 डिग्री से ऊपर पहुंचा है, बिजली कट का समय भी बढ़ गया है। बिजली कट लगने से पानी की आपूर्ति की समस्या भी बढ़ती जा रही है। मौजूदा समय में पुराने शहर, रघुनाथपुरम मोहल्ला, राजपुरा, रिहाड़ी का हरि सिंह मोहल्ले में कम प्रेशर से पानी आ रहा है। कुछ इलाकों में तो मटमैला पानी आ रहा है। इस कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
सोमवार को दोपहर के समय बिजली का पीक लोड 1350 मेगावाट तक पहुंच गया है। वहीं, रविवार को लोड 1320 मेगावाट रहा था। ऐसे में डेढ़ घंटे का बिजली कट लोगों को सहन करना पड़ा था। वहीं, सोमवार को पीक लोड 1350 मेगावाट रहने से लोगों को दो घंटे का लंबा कट सहन करना पड़ा। बिजली कारपोरेशन के अनुसार अब जैसे जैसे तापमान में बढ़ोतरी होगी, वैसे-वैसे शहर में कट का समय बढ़ेगा। मौजूदा समय में बिजली ढांचा 1200 मेगावाट तक ही लोड उठा पाता है। हालात यह हैं कि शहर में जहां पर भी बिजली ट्रांसफार्मर ओवर हीट हो, वैसे ही कट लगना शुरू हो जाता है। वहीं, बिजली संकट के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। बिजली गुल होने पर पानी स्टोरेज टैंक की मोटरें बंद हो रही हैं। इस कारण कई इलाकों में लोगों को पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
लोग जल शक्ति विभाग से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं हो पा रहा। इसी तरह इंदिरा चौक के साथ लगते रघुनाथपुरम मोहल्ला में पानी सप्लाई का समय घटा है। रिहाड़ी के हरि सिंह मोहल्ले में नलों में कम प्रेशर से पानी आ रहा है। ऐसे में रोजमर्रा के काम बाधित हो रहे हैं। पुराने शहर में भी पेयजल किल्लत गहरा गई है। प्रेशर कम होने के कारण पानी टंकियों तक नहीं पहुंच रहा। मोती बाजार, पक्का डंगा, जैन बाजार बाजारों में हालात यह हैं कि लोगों को पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। इसी तरह राजपुरा में कम प्रेशर से पानी नलों में आ रहा है।
शांतिनगर में तीन दिन से नहीं आया पानी
तोप शेरखानियां के अंतर्गत आते शांति नगर मोहल्ले में तीन दिन से पानी नहीं आया है। इस कारण लोग काफी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि इस बारे में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया गया मगर समस्या का हल नहीं हो पाया। अब रोजमर्रा के काम निपटाने में परेशानी आ रही है। पानी न आने पर पैसे खर्च कर निजी टैंकर बुलाने पड़ रहे हैं।
बिजली समस्या के समाधान के लिए एक्सईएन से मिले एसोसिएशन के प्रतिनिधि
लिंक रोड एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में मोती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन गुप्ता, लखदाता बाजार एसोसिएशन के प्रधान इशान गुप्ता, धारु वाली गली बाजार के प्रधान तरुण कुमार और अन्य सदस्य एक्सईएन अवनीत गुप्ता से मिले और बिजली समस्या के हल की मांग की। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर की क्षमता को बढ़ाया जाए। खंभों के साथ लटकती तारों को हटाया जाए। गर्मी में अकसर ट्रांसफार्मर जलते हैं। इस कारण लोग परेशान होते हैं। एक घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदले जाएं।
कोट
लोड बढ़ने से बिजली ढांचे को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में बिजली कट लगाए जा रहे हैं। दोपहर के बाद लोड बढ़ रहा है। इस कारण परेशानी आ रही है।
- मनहर गुप्ता, मुख्य अभियंता, बिजली कारपोरेशन
कोट
शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। कुछ जगहों में पाइपें फट गई है। इस कारण गंदा पानी आ रहा है। पाइपों को बदला जा रहा है। पुराने शहर में पेयजल किल्लत का समाधान किया जाएगा।
संदीप डोगरा, एसई, जल शक्ति विभाग