लोगों ने उपजिला अस्पताल में की ब्लड बैंक की मांग
अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित किए जाने के बाद भी नहीं हुआ समस्या का समाधान
आरएस पुरा। उपजिला अस्पताल आरएस पुरा में अब तक ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित मंत्री से अस्पताल में जल्द से जल्द ब्लड बैंक स्थापित करने की मांग की है।
क्षेत्र में ब्लड बैंक की आवश्यकता वर्षों से महसूस की जा रही है। मरीजों को रक्त प्राप्त करने के लिए जम्मू के सरकारी अस्पतालों या महंगे निजी ब्लड बैंकों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार समय पर रक्त न मिलने के कारण मरीजों की जान भी चली जाती है। अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित किए जाने के बावजूद ब्लड बैंक की सुविधा न मिलना स्थानीय जनता के लिए निराशाजनक है।
ब्लड बैंक की कमी के कारण गंभीर रूप से घायल मरीजों को अक्सर जम्मू रेफर कर दिया जाता है, जिससे न केवल मरीज बल्कि उनके परिवारजनों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गरीब तबके के लोग आर्थिक तंगी के कारण जम्मू नहीं जा पाते और मजबूरी में झोलाछाप डॉक्टरों के पास जाने को विवश होते हैं, जिससे उनकी जान को और भी अधिक खतरा होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उपजिला अस्पताल में ब्लड बैंक की सुविधा शुरू की जाती है तो इससे न केवल आरएस पुरा बल्कि सुचेतगढ़, अरनिया और बिश्नाह क्षेत्र के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। छोटे ऑपरेशन और आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को तत्काल
रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।
जनता की लगातार बढ़ती मांग के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय नेताओं और अधिकारियों ने कई बार आश्वासन दिया, लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ।चार तहसीलों के लोग आरएसपुरा अस्पताल की चिकित्सीय व्यवस्था पर आश्रित हैं। यहां ब्लड बैंक का न होना ताज्जुब की बात है। लंबे समय से आरएस पुरा में ब्लड बैंक की मांग है, जिसे स्वास्थ्य विभाग को पूरा करना चाहिए।
चौधरी चमेल सिंह, निवासी आरपुरा
क्षेत्र की बड़ी आबादी को दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में रक्त के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ता है। कई बार तो रक्त न मिलने पर मरीज की जान चली जाती हैं। उप जिला अस्पताल में ब्लड बैंक होना चाहिए। अस्पताल की नई इमारत में ब्लड बैंक के लिए भवन होने पर कई कमरे हैं।
तीर्थ सिंह, पूर्व पार्षद
उपजिला अस्पताल बना है पर आज भी सुविधाओं का अभाव है। चाहे वो ब्लड बैंक की बात करें वो बहुत जरूरी है पर नहीं है। आरएस पुरा सहित सुचेतगढ़, बिश्नाह, अरनिया तहसील की लाखों की आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है पर जहां अस्पताल में सुविधा नहीं है। सरकार को चाहिए कि इस पर ध्यान दें।
- मनदेव सिंह
कोट
ब्लड बैंक की जरूरत को ध्यान में रखते हुए पहले ही इस बारे में उच्च अधिकारियों को लिखा गया है। जम्मू-कश्मीर में अभी उपजिला स्तर के अस्पतालों में ब्लड बैंक की सुविधा नहीं है। फिर भी आरएस पुरा अस्पताल में ब्लड बैंक के लिए विशेष मांग की गई है।
डॉ. मोनिका कोतवाल, बीएमओ आरएस पुरा