भद्रवाह। 18 साल से गांव में सड़क का इंजतार कर रहे भद्रवाह के कुरसारी पंचायत के ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। कुरसारी, लमोटे और कापरा के ग्रामीणों ने सरपंच साजिद मीर के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और विभाग उदासीनता के कारण लोग सड़क सुविधा से वंचित हैं। लोग 18 साल से सड़क सुविधा के लिए मांग उठा रहे हैं, लेकिन कोई भी सुध नहीं ले रहा है।
सरपंच ने कहा कि कुरसारी पंचायत भद्रवाह शहर से सात किमी दूर नीरू नदी के तट पर स्थित है। यहां 4.3 किमी सड़क का निर्माण सालों से अधर में लटका है। साल 2002 में केंद्रीय विद्यालय के लिए 129.15 कनाल भूमि दी थी। लेकिन 18 साल साल बाद भी न तो स्कूल का निर्माण हुआ है और न ही सड़क बन पाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने एक सप्ताह के भीतर सड़क के लंबित काम को बहाल नहीं किया तो डोडा-भद्रवाह राजमार्ग को बंद करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।