बाजार से तहसील कार्यालय तक निकाली रोष रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। कोठियां गांव के लोगों ने पानी की समस्या को लेकर शुक्रवार को सीपीआईएम के नेता ओम प्रकाश की अध्यक्षता में तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बाजार से रोष रैली निकाली, जो तहसील कार्यालय तक गई।
इस दौरान जल शक्ति विभाग के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। ओम प्रकाश ने कहा कि पिछले कई दिनों से कोठियां व सुधीन में पानी नहीं आ रहा है। लोग पानी की बूंद के लिए तरस रहे हैं। मगर विभाग के अधिकारी लोगों की समस्या हल नहीं कर रहे। हर घर जल अभियान पूरी तरह से ठप पड़ा है। माल मवेशियों को पिलाने के लिए भी पानी नहीं है। इसके बाद प्रदर्शनकारी तहसीलदार साहिल रंधावा से मिले। उन्होंने कहा कि अगर किसी कारण गांव में जिस स्थान पर पानी नहीं पहुंच पा रहा है वहां पर टैंकरों की मदद से गांव में पानी दिया जाए नहीं तो अगले दिन गांव के लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर परस राम, यूसुफ, कासम दीन, कश्मीरी लाल, गुलाम सैन, अनिल कुमार, हाजी कसम व अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद