रियासत में भाजपा की सहयोगी पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने श्रीनगर के मेयर संबंधी राज्यपाल सत्यपाल मलिक के बयान का समर्थन किया है।
रविवार को एक निजी न्यूज चैनल से बातचीत में सज्जाद ने कहा कि राज्यपाल ने केवल यह बताने का प्रयास किया था कि श्रीनगर के मेयर पद का दावेदार कौन हो सकता है। राज्यपाल एक ईमानदार व्यक्ति हैं। राज्यपाल ने एक आधिकारिक और अनौपचारिक स्तर पर रिपोर्टों से सामने आए व्यक्ति के नाम को ही बताया कि वह कि वह मेयर पद के लिए दावेदारों में से एक हो सकता है। राज्यपाल के इशारे में जुनेद का नाम उभर आया।
सज्जाद ने कहा कि घाटी में पिछले तीन दशकों से कम मतदान प्रतिशत एक चुनौती रहा है। घाटी में जून में पीडीपी-बीजेपी सरकार के गिरने के बाद सज्जाद को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया था। इस पर उनका कहना है कि बीजेपी के साथ उनका गठबंधन उनकी चुनावी संभावनाओं को नुकसान नहीं पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि वह 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले भी भाजपा के सहयोगी थे और इससे उनकी ताकत में कोई फर्क नहीं पड़ा और आज भी नहीं पड़ता।