नवरात्र उत्सव के सातवें दिन तहसील के देवी मंदिरों में मां का दीदार करने
वाले भक्तों का दिनभर तांता लगा रहा।
इस दौरान मैया के भवनों पर उनके नाम
के जयकारे गूंजते रहे। माता सुकराला और माता वाला सुंदरी के दरबार में सुबह
से ही दर्शन करने वाले भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई थी।
यह सिलसिला शाम
तक जारी रहा। वहीं, माता बाला सुंदरी के भवन तक पहुंचने के लिए भक्तजन भीनी
पुल से भवन तक पांच किलोमीटर लंबी चढ़ाई माता के जयकारों के साथ चढ़ रहे
थे।
बाला सुंदरी के जंगल में माता की भेटें गूंजने से दिनभर वहां का माहौल
भक्तिमयी बना रहा। माता की कृपा से वृद्ध और बच्चे भी बड़ी ही सुगमता से
चढ़ाई चढ़ रहे थे।
भक्तों को यात्रा के दौरान कोई कष्ट न हो, इसके लिए
प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। बिजली-पानी की निर्विघ्न सप्लाई की जा
रही है। सुरक्षा के भी कडे़ इंतजाम किए गए हैं।