दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकियों ने पीडीपी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब सवा चार बजे आतंकियों ने उज्जन, दियालगाम में पीडीपी कार्यकर्ता मोहम्मद इशाक पर्रे पर उनके घर के बाहर नजदीक से गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें सिर में गोलियां लगी थीं। उन्हें तुरंत नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत लाया घोषित किया। वह पीडीपी के कार्यकर्ता होने के साथ-साथ पेशे से ठेकेदार भी थे।
हमले के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसओजी, सेना और सीआरपीएफ ने इलाके में आतंकियों को तलाशने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च आपरेशन छेड़ा।