बिहार चुनाव के साथ ही जम्मू-कश्मीर उपचुनाव के नतीजे भी शुक्रवार को घोषित हो गए। पीडीपी ने बडगाम सीज कब्जा ली और नगरोटा में भाजपा सिरमौर रही। उपचुनाव के नतीजों ने सत्तारूढ़ दल और खासकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को तगड़ा झटका दिया है। नेशनल कांफ्रेंस दोनों ही सीटें हार गई। पीडीपी और भाजपा जीत का जश्न मना रही हैं तो जम्मू से लेकर कश्मीर तक सत्तारूढ़ दल के खेमे में मायूसी छाई है।
भाजपा ने जम्मू-कश्मीर की नगरोटा विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। 30 वर्षीय देवयानी राणा ने 24,647 वोटों की बढ़त के साथ जीत हासिल की है। शुरुआत से ही बढ़त बनाए हुए देवयानी राणा ने 42,350 वोट हासिल किए और जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के उम्मीदवार हर्ष देव सिंह को हराया, जिन्हें 17,703 वोट मिले। नेशनल कॉन्फ्रेंस की शमीम बेगम 10,872 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं बडगाम में पीडीपी प्रत्याशी आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने 21,576 वोट हासिल कर 4,478 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। जबकि एनसी प्रत्याशी आगा सैयद महमूद को 17,098 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी आगा सैयद मोहसिन को 2,619 वोट मिले।