व्हाट्सएप सोशल साइट पर कुछ विवादास्पद तस्वीरें अपलोड कर सांप्रदायिक सौहार्र्द खराब करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को पीडीपी के यूथ जिला प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
राजोरी के एसएसपी डा.हसीब मुगल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जावेद अंजुम मिर्जा निवासी बहरोट तहसील थन्नामंडी पीडीपी यूथ जिला अध्यक्ष ने 8 दिसंबर को व्हाट्सएप के पीर पंचाल प्रेस काउंसिल नामक ग्रुप में कुछ विवादास्पद तस्वीरें अपलोड कर कुछ ऐसे कमेंट्स लिखे थे कि शहर का माहौल खराब हो सकता था।
पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रुप पर अपलोड की गई तस्वीरें और उसके नीचे लिखी गई डिटेल्स की जांच की तो पाया कि जावेद ने अपने मोबाइल नं 8803252870 से ग्रुप में किसी मस्जिद को तोड़ने वाली तस्वीर अपलोड कर नीचे लिखा था कि गुजरात में 20 साल से मस्जिद वाली जमीन का विवाद चल रहा था, जिसे कल मोदी सरकार ने गिरा दिया है।
यह खबर किसी मीडिया ने अब तक नहीं दिखाई है। इसे इतना शेयर करो कि सुनकर मोदी सरकार को बुखार आ जाए, प्लीज इस पिक और मेसेज को सबको भेजो। पुलिस ने इस मेसेज से जिले में सांप्रदायिक सौहार्र्द खराब होने और धार्मिक तनाव और राजनीतिक गड़बडी पैदा होने की आशंका के चलते जावेद को 66ए आईटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि इन दिनों चुनाव के चलते जिले में कई वीवीआईपी मूवमेंट भी है। सोशल साइट्स पर इस प्रकार के भड़काऊ संदेश से हालात खराब हो सकते हैं। एसएसपी ने बताया कि शहर में सांप्रदायिक सौहार्द्र खराब करने वाले शरारतीतत्वों को पुलिस कभी नहीं बख्शेगी।