दो बार टेंडर के बावजूद ट्यूब बेल प्रोजेक्ट अधर में
ग्राउंड वाटर विभाग की लापरवाही से 300 से अधिक आबादी संकट में
पुरमंडल। पुरमंडल के अधीन आने वाले गांव खोड़ी खड्ड के लोगों ने पीने के पानी की गंभीर समस्या को लेकर आवाज बुलंद की है।
पूर्व सरपंच रशीद मोहम्मद, हनीफ मोहम्मद, सादिक मोहड़, खान मोहड़, मुबारक अली, अन्यात अली, गोशा मोहड़ सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें मजबूरी में नाले और कुएं का गंदा व दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे लोगों में कई प्रकार की बीमारियां फैल रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर हर घर नल-हर घर जल मिशन के अंतर्गत भी अब तक गांव को लाभ नहीं मिला है।
दो बार जारी हुआ टेंडर, फिर भी कार्य अधूरा
पूर्व सरपंच रशीद मोहम्मद ने बताया कि पहले 2013 में डग बेल का प्रोजेक्ट बनाया गया था, लेकिन वह पूरा नहीं हो पाया। इसके बाद सरकार ने इस प्रोजेक्ट को नई योजना के तहत ट्यूब बेल प्रोजेक्ट में बदल दिया, जिसका टेंडर जारी हो चुका है।
रशीद मोहम्मद ने बताया कि ग्राउंड वाटर विभाग की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी न होने के कारण यह कार्य पिछले दो साल से अधूरा लटका हुआ है। यदि इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए तो गांव की 300 से अधिक आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकता है।”
ग्रामीणों की प्रशासन से मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व जल विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्य को पूरा करने तथा गांव को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की है, ताकि लोगों को दूषित पानी पीने की मजबूरी से छुटकारा मिल सके।