- सांबा के दुकानदारों का आरोप - बार-बार समस्या बताने पर भी नहीं जाग रहा प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे में पार्किंग व्यवस्था बदहाल होने से दुकानदारों के साथ स्थानीय लोग परेशान हैं। बाजारों में बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे वाहनों से रोजाना जाम लग रहा। इससे जरूरी कामों के लिए निकले लोगों को गंत्वय तक पहुंचने में देरी हो रही है। दुकानदारों का काम भी प्रभावित हो रहा है। अब त्योहारी सीजन में समस्या और बढ़ जाएगी। बावजूद इसके जिला प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन पार्किंग की व्यवस्था नहीं कर रहा। बाजारों में सड़कों पर वाहन खड़े किए जा रहे हैं। वाहन खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिलने से ग्राहक आगे निकल जाते हैं। इससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। पुलिस भी चालान काटने तक सीमित रहती है, जबकि समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से पार्किंग की मांग कर चुके हैं। व्यापार मंडल डीसी को भी समस्या बता चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं करता। कस्बे में कई खाली जगहों पर पार्किंग बनाई जा सकती है, लेकिन इसके लिए जहमत नहीं उठाई जा रही।
तजेंद्र सिंह, प्रधान, व्यापार मंडल सांबा
-
दुकानदार पहले ही मंदी से जूझ रहे हैं। ऊपर से कस्बे में पार्किंग नहीं होने से ग्राहक नहीं पहुंच रहे। सांबा के बाजारों में वाहन पार्क करने के लिए जगह नहीं है। इससे लोग अन्य कस्बों के बाजारों का रुख कर लेते हैं।
कमल भट्टी, दुकानदार, सांबा बाजार
अब ऑनलाइन खरीदारी ने दुकानदारों को परेशानी में डाल दिया है। पहले से ही दुकानदारों का कारोबार मंदा चल रहा है, पार्किंग नहीं होने से बाजारों में बेतरतीब वाहन खड़े रहने से कारोबार और अधिक प्रभावित हो रहा है।
रंजु गुप्ता, दुकानदार, सांबा बाजार
कई बार ग्राहक कह देते हैं कि वाहन को पार्क करने के लिए जगह नहीं है, खरीदारी क्या करनी। तब दुकानदारों को मायूसी होती है। यदि पार्किंग के लिए स्थान हो तो ग्राहक बेफिक्र वाहन खड़ा कर बाजारों में समान की खरीदारी कर सकता है।
विक्की गुप्ता, कपड़ा व्यापारी, सांबा
-
डीसी के साथ बैठक कर कुछ स्थानों बारे बताया जाएगा, ताकि त्योहारों के सीजन में वाहनों को पार्क करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा सके। कस्बे में सरकारी विभागों के कुछ खाली स्थान हैं, जहां पर्किंग की व्यवस्था की जा सकती है।
पवन कोहली, अध्यक्ष, नगर परिषद सांबा