परगवाल के कृषि केंद्र से गेहूं का बीज खरीदते किसान. स्रोत संवाद
समय पर बिजाई सुनिश्चित करने के लिए पहले से ही जुटा रहे हैं बीज और खाद
परगवाल। कृषि प्रधान क्षेत्र में अब किसान धान की कटाई के साथ गेहूं की बिजाई की तैयारी में जुट गए हैं। क्षेत्र के कई किसान इन दिनों कृषि भंडार केंद्रों पर पहुंचकर गेहूं के बीज की खरीदारी कर रहे हैं।
शनिवार को काफी संख्या में किसान बीज खरीदने पंहुचे। किसानों का कहना था कि कई बार सीजन के दौरान खाद और बीज की कमी हो जाती है जिससे बिजाई में देरी होती है और फसल की उत्पादन पर असर पड़ता है। इस बार किसान पहले से ही आवश्यक सामग्री एकत्रित कर रहे हैं। केंद्र पर लाइन में लगे स्थानीय किसान सुभाष चंद्र ने बताया कि पिछले साल बीज देर से मिलने के कारण बिजाई लेट हो गई थी। इस बार हम पहले ही बीज की व्यवस्था कर रहे हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र पर पर्याप्त स्टॉक की व्यवस्था की जा रही है।