पर्यटन विभाग 21 पायलटों को दे रहा पी-4 स्तर का प्रशिक्षण, एक महिला पायलट भी शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग ने हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़ बिलिंग में पी-4 स्तर का पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण कोर्स शुक्रवार से शुरू किया। इसमें जम्मू संभाग के 21 स्थानीय पैराग्लाइडिंग पायलट हिस्सा ले रहे हैं। इनमें एक महिला पायलट भी शामिल है। यह अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली के ऑफ साइट परिसर में आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य जम्मू में रोमांचक पर्यटन को बढ़ावा देना और ऐथम को पैराग्लाइडिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। प्रशिक्षण की शुरुआत पर पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक एजाज कैसर और एडवेंचर सेक्शन के प्रभारी अमरपाल सिंह स्थानीय पायलटों के दल के साथ बीड़ बिलिंग पहुंचे। एजाज कैसर ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि जम्मू क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को विविधता दी जाए। स्थानीय युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण के अवसर प्रदान किए जाएं। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल युवाओं के कौशल को निखारेंगे बल्कि जम्मू को रोमांचक पर्यटन के पसंदीदा केंद्र के रूप में पहचान दिलाने में भी मदद करेंगे।
उन्होंने बताया कि यह पहल पर्यटन विभाग की उस लगातार कोशिश का हिस्सा है। इसके तहत जम्मू क्षेत्र में स्थायी रोमांचक पर्यटन ढांचा तैयार किया जा रहा है ताकि यहां आने वाले पर्यटक प्रकृति आधारित गतिविधियों का आनंद ले सकें और स्थानीय युवाओं को नए रोजगार के अवसर मिलें।