पुंछ जिले के शाहपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर गोलीबार की आवाज सुनकर इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इसे पाकिस्तान द्वारा सीजफायर उल्लंघन का मामला समझकर ग्रामीण खौफजदा हो गए, हालांकि सेना ने सीजफायर उल्लंघन के किसी मामले से इनकार कर दिया है।
सूत्रों ने बताया कि बीती रात और बुधवार की सुबह गोलीबारी की आवाज आती रही। ग्रामीणाें ने बताया कि कुछ धमाके भी सुनाई दिए। इससे लगा कि एलओसी पर फिर माहौल खराब होने लगा है।
दिन भर गोलीबारी की आवाज चर्चा का विषय बनी रही, हालांकि सैन्य सूत्रों ने कहा कि एलओसी के इस पार ही कुछ हलचल देख फायरिंग की गई थी। वहीं रक्षा प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने कहा, पुंछ में एलओसी पर कहीं से भी सीजफायर उल्लंघन की घटना नहीं हुई है।