उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में शुक्रवार की देर शाम सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमले के बाद मुठभेड़ में मारा गया आतंकी पाकिस्तानी था। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। लेकिन उसके आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का शक है। मारे गए आतंकी के पास से पिस्तौल तथा ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।
जिले के सोपोर इलाके के राफियाबाद के वाटरगाम में सेना की 32 राष्ट्रीय राइफल्स की पेट्रोलिंग पार्टी एक बगीचे के पास से गुजर रही थी तभी आतंकियों ने उस पर ग्रेनेड हमला किया। साथ ही अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आतंकी मारा गया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में निगरानी सख्त रखी है।