चीनी मशीनगन से गांवों को निशाना बना रहा पाकिस्तान
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने से पाकिस्तान बौखला गया है। सभी मोर्चों पर विफल होने के बाद अब पाकिस्तानी सेना ने जिले में नियंत्रण रेखा पर जहां गोलाबारी की वारदात बढ़ा दी है। वहीं उसने गोलाबारी का दायरा बढ़ाते हुए सीमा से काफी दूर उन रिहायशी गांवों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है, जहां आज से पहले कभी पाकिस्तानी गोला अथवा गोली नहीं आती थी।
पाकिस्तानी सेना की इस नापाक हरकत का प्रमाण पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर के गांव दरा दुलियां में देखने को मिला। जहां पहली बार पाकिस्तानी सेना की तरफ से दागी गई गोलियां गांव के अशोक कुमार, दलीप सिंह और संदीप कुमार के घरों और खेतों में आकर गिरी हैं। हालांकि इन पाकिस्तानी गोलियों से किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इन लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।
इन लोगों का कहना है कि हम लोग अपने घर के बाहर काम कर रहे थे कि तभी सीमापार से कई गोलियां आकर मकान के आंगन में और खेतों में जा धंसी। हम लोग घरों के अंदर जा छिपे। अब हमें डर लगने लगा है, क्योंकि हम लोग अक्सर बाहर खुले में बैठे रहते हैं। हमारे मवेशी बाहर बंधे रहते हैं। अगर इसी प्रकार गोलियां आती रहीं तो गांव में जानी नुकसान हो सकता हैं।
इन लोगों का कहना है कि अनुच्छेद 370 के टूटने के बाद ही पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी का दायर बढ़ा दिया है। गौरतलब है कि गांव दरादुलियां नियंत्रण रेखा से सभी तरफ से छह से आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तानी सेना ने करीब तीन चार माह पहले नियंत्रण रेखा पर अपनी अग्रिम चौकियों पर चीन में बनी नई यूनिवर्सल मशीनगन लगाई है जो करीब ढाई किलोमीटर हवाई रेंज तक गोलीबारी करने की क्षमता रखती है। इन के माध्यम से पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा से दूर बसे गांव के लोगों को निशाना बनाने के प्रयास कर रही है ताकि लोगों में दहशत का माहौल पैदा किया जाए।