जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद से ही पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। 370 पर उसे हर तरफ मुंह की ही खानी पड़ी है। इसलिए बौखलाहट में पाकिस्तान हर रोज एलओसी पर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। पाकिस्तान के पाले हुए आतंकी कश्मीर में खूनखराबा नहीं कर पा रहे। इसलिए फायरिंग बढ़ाकर लगातार जम्मू संभाग की एलओसी से आतंकियों की घुसपैठ कराना चाहता है। बीते एक महीने में पाकिस्तानी फौज ने एलओसी पर 30 से अधिक बार सीजफायर तोड़ा है।
कश्मीर में आतंकी वारदातों के थम जाने से पाकिस्तान एलओसी पर लगातार फायरिंग कर रहा है। पुंछ और कुपवाड़ा जिले में पाकिस्तान ने बीते एक महीने में दो बार बैट हमले की नाकाम कोशिश की है। इसमें पाकिस्तान की बैट टीम के सात कमांडो मारे गए। पाकिस्तान ने राजोरी के नौशेरा और पुंछ में एक महीने के दौरान 30 बार सीजफायर तोड़ा है। इसमें कई रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया। गोलाबारी में कई ग्रामीण घायल हो चुके हैं।
सूत्रों का कहना है कि पुंछ और राजोरी जिले की एलओसी और कठुआ जिले के इंटरनेशनल बॉर्डर से बड़े पैमाने पर आतंकियों की घुसपैठ कराने की कोशिश है। इसलिए सीजफायर तोड़ा जा रहा है, ताकि इसकी आड़ में आतंकियों की घुसपैठ कराई जा सके।
भारतीय सेना के प्रवक्ता कर्नल देवेंद्र आनंद का कहना है कि पाकिस्तान बौखलाहट में एलओसी पर सीजफायर तोड़ रहा है। वह घुसपैठ कराने की कोशिश में रहते हैं। लेकिन सेना के मुंहतोड़ जवाब से वह ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। सेना पाकिस्तान के हर मंसूबे को नाकाम करने के लिए डटी हुई है।