पाकिस्तान ने किया संघर्षविराम का उल्लंघन
- फोटो : अमर उजाला
पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आतंकियों को घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तानी सेना लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रही है। इसी क्रम में पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के कस्बा और कीरनी सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का भारतीय सेना माकूल जवाब दे रही है।
यह भी पढ़ेंः पांच अगस्त को घर-घर लहराएगा तिरंगा, अनुच्छेद 370 हटने की पहली वर्षगांठ पर भाजपा ने की ये तैयारी
बता दें कि पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी भारतीय चौकियों और नागरिक ठिकानों को लगातार निशाना बना रही है। इस साल अब तक सीमापार से 2711 से अधिक बार बिना किसी उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया है, इसमें 14 नागरिक मारे गए जबकि 88 घायल हुए हैं।
बीते दिनों पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थित करमाड़ा सेक्टर में पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों में गोले बरसाए थे। इसमें गांव सेयाल निवासी मोहम्मद रफीक, उनकी बीवी रफिया और उनके पुत्र इरफान की मौत हो गई थी। पाकिस्तानी गोले से उनके शरीर के चिथड़े उड़ गए थे।