उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के नौगाम और केरन सेक्टर में सेना की चौकियों को निशाना बनाते हुए पाकिस्तान ने गोलाबारी की। इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में पाकिस्तानी सेना द्वारा शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे एलओसी पार से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया गया।
पहले छोटे हथियारों से फायरिंग की गई। बाद में मोर्टार दागे गए। यहां लगभग चार घंटे तक दोनों ओर से गोलाबारी होती रही। इसी जिले के केरन सेक्टर के जमगुंड इलाके में वीरवार देर रात को पाकिस्तानी सेना द्वारा भारतीय चौकियों को निशाना बनाया गया। कुछ देर बाद फायरिंग थम गई, लेकिन शुक्रवार सुबह एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया गया।
श्रीनगर में तैनात सेना की 15वीं कोर के प्रवक्ता कर्नल आरके पांडे ने बताया कि केरन और नौगाम में लगातार पाकिस्तानी सेना रुक रुक कर भारतीय चौकियों को निशाना बना रही है, लेकिन इसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया। गौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा उत्तरी कश्मीर में लगातार पिछले कुछ दिनों से एलओसी पर भारतीय सेना की चौकियों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले भी नौगाम सेक्टर में 18 और 19 जुलाई को पाकिस्तान द्वारा सीजफायर का उल्लंघन किया गया था, जिसमें एक जवान शहीद हो गया था।