पाकिस्तान ने एक बार फिर लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर सीजफायर का उल्लंघन किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक इस बार पाक सेना ने अखनूर के केरी बट्टल इलाके में भारी गोली बारी की है। वहीं जानकारी यह भी आ रही है कि पाकिस्तान ने राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में भी संघर्ष विराम तोड़ा है। हालांकि भारतीय सेना ने प्रभावी ढंग से इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है।
बताना चाहेंगे कि एक तरफ जहां पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा और सीमा पर लगातार सीज फायर का उल्लंघन कर रहा है तो वहीं दूसरी तरफ भारत सीमा पर तनाव कम करने के लिए प्रयासरत्त है। इस मुहिम में भारतीय सेना ने शनिवार को एक पाकिस्तानी नागरिक को वापस लौटाया है।
बता दें यह पाकिस्तानी नागरिक जम्मू-कश्मीर में सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर की भारत-पाक सीमा के निकट शुक्रवार को बीएसएफ जवानों द्वारा पकड़ा गया था। रक्षा सूत्रों की मानें तो रामगढ़ सेक्टर की भारत-पाक सीमा के अग्रिम पोस्ट बल्लड पर तैनात बीएसएफ की 176वीं वाहिनी के जवानों ने भारतीय सीमा में दाखिल हुए पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ लिया था।
तलाशी ली गई तो उसके पास 12000 रुपये के करीब पाकिस्तानी मुद्रा बरामद हुई। उसकी पहचान अशरफ (60) निवासी बोई, तहसील शकरगढ़, पुलिस स्टेशन लेसर, जिला नारोवाल पाकिस्तान के रूप में हुई।