उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान लगातार एलओसी पर देश विरोधी गतिविधियों को जारी रखने में जुटा हुआ है। यह घाटी में आतंकियों की घुसपैठ कराकर तथा ड्रग की तस्करी के जरिए जारी है। हालांकि, जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति नियंत्रण में है।
पत्रकारों से उन्होंने कहा कि बॉर्डर के उस पार आतंक का ढांचा बरकरार है और पाकिस्तान भारत विरोधी गतिविधियों को जारी रखे हुए है। यह सीजफायर उल्लंघन, क्रॉस बॉर्डर घुसपैठ, ड्रग्स की तस्करी तथा जाली नोटों के प्रचलन के रूप में सामने है। पड़ोसी मुल्क भारत के साथ छद्म युद्ध जारी रखना चाहता है। आश्वस्त किया कि सेना इस प्रकार की किसी कोशिशों को नाकाम करने में सक्षम है और पाकिस्तान अपने नापाक मंसूबे में सफल नहीं होने पाएगा।
उन्होंने कहा कि लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर शांति है। हम चीन के साथ शांति तथा भाईचारा कायम रखने में सक्षम हैं। दोनों देशों के बीच किसी प्रकार के मतभेद नहीं हैं क्योंकि इसके लिए विश्वास बहाली का मैकेनिज्म है। यदि कोई घुसपैठ की कोशिश होती है तो इसके लिए तय मैकेनिज्म के जरिए इसका निदान किया जाता है। सुरक्षा बलों ने लोकसभा चुनावों को शांतिपूर्ण तरीके से कराने में प्रशासन का सहयोग किया। शांतिपूर्ण चुनाव का श्रेय सुरक्षा बलों तथा प्रशासन को जाता है।
86 आतंकी ढेर, 20 पकड़े गए
उत्तरी कमान प्रमुख ने कहा कि पिछले चार महीने में कई आतंकियों के मारे जाने के बाद कई दहशतगर्द हिंसा का रास्ता छोड़कर घर लौट आए। साथ ही मुख्य धारा में शामिल हो गए। इस साल अब तक 86 आतंकियों को मार गिराया गया है। 20 आतंकियों को पकड़ा गया है। आतंक के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। काफी संख्या में दहशतगर्द अभिभावकों, शिक्षकों तथा बुजुर्गों की मदद से मुख्य धारा में लौटाए जा सके हैं।
पीरपंजाल में आतंकवाद को जिंदा नहीं होने दिया जाएगा
लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि जम्मू संभाग के पीर पंजाल में किसी भी सूरत में आतंकवाद को दोबारा जिंदा नहीं होने दिया जाएगा। फिलहाल संभाग में आतंकियों की मौजूदगी की कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं है। यहां भी आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।