इनसेट: पाकिस्तान द्वारा की गई गोलीबारी
- फोटो : अमर उजाला
पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी नियंत्रण रेखा पर युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ जिले के गुलपुर सेक्टर के करमाड़ा क्षेत्र में भारतीय सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मशीनगनों से गोलीबारी की। इसका सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी इलाकों को भी निशाना बना कर गोलियां दागीं, जिसमें गांव के पूर्व सरपंच मंजूर अहमद बाल-बाल बच गए।
पाकिस्तान की तरफ से गोलाबारी शुरू होने पर जैसे ही मंजूर अहमद अपनी दुकान बंद कर सुरक्षित स्थान की तरफ भागे एक गोली दुकान का शटर भेद कर पार निकल गई। पाकिस्तानी सेना की तरफ से दागी गई गोलियां गांव की मुख्य सड़क और खेतों में भी गिरी हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे करमाड़ा सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की 24 फ्रंटियर फोर्स ने अपनी चौकियों बकरी मेन, बकरी-एक से सेना की 15 मराठा लाईट इन्फेंट्री की चौकियों चीता और सुसर के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर यूनिवर्सल मशीनगनों से गोलाबारी शुरू की। सेना ने भी उसी क्रम में मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया। देर शाम तक दोनों तरफ से रुक-रुक कर हल्के हथियारों से गोलाबारी जारी थी।