पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर सीजफायर उल्लंघन किया गया। सीमा पर वीरवार की रात करीब सवा दो बजे एक बार फिर फायरिंग होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहां तैनात 192 वाहिनी अर्द्ध सुरक्षा बल के जवानों ने बंदूकों को सीधा किया लेकिन फायरिंग कुछ ही देर में रुक गई।
इसके बाद भी क्षेत्र के गांवों में रात भर दहशत का माहौल रहा। पाकिस्तान की सिलाह वाली पोस्ट ने सामने पड़ने वाली भारत की जब्बोआल चौकी पर आठ राउंड फायर किए। फायरिंग की भनक पर वहां तैनात अर्द्ध सुरक्षा बल के जवानों ने भी अपनी तैयारी कर ली।
हालाकि कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की गई लेकिन सुबह तक जवान सतर्क रहे। इस फायरिंग के कुछ मिनटों में रुक जाने से आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली पर वे बीते दिनों की तबाही को याद कर सिहर उठते हैं।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
डोडा के चिल्ली वन क्षेत्र में राष्ट्रीय राइफल्स ने एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। सैन्य प्रवक्ता के अनुसार धारमुंड स्थित डेल्टा फोर्स को क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। उसके बाद जवानों ने वन क्षेत्र में अभियान चलाया और एक प्राकृतिक गुफा में छुपाकर रखे हथियार बरामद किए।
इनमें एक चाइनीज पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो 12 बोर की राइफल, चार एके-47 की मैगजीन, एक चाइनीज ग्रेनेड, दो उच्च विस्फोट वाले ग्रेनेड, चार यूबीजीएल ग्रेनेड, 7.62 एमएम वाली एके-47 के 190 राउंड, 7.62 पिका के 25 राउंड, एक रूसी नाइट विजन डिवाइस और अन्य रोजमर्रा में उपयोग होने वाली वस्तुएं व खानपान का सामान शामिल हैं। दो दिनों में सुरक्षा बलों को यह लगातार दूसरी कामयाबी मिली है।