पाक की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब देते भारतीय सेना के जवान
- फोटो : अमर उजाला
उत्तरी कश्मीर के उड़ी सेक्टर में पाकिस्तान लगातार रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहा है। शनिवार को पाक की ओर से की गई फायरिंग में आधा दर्जन मकानों को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान ने लाउड स्पीकरों का इस्तेमाल कर उड़ी के लोगों से गांव खाली करने को कहा है।
इससे आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान कोई बड़ी कार्रवाई कर सकता है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान ने कश्मीर के लोगों के साथ ही सहानुभूति जताने के उद्देश्य से यह रणनीति अपनाई है ताकि ग्रामीणों को नुकसान न उठाना पड़े। स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर अधिकतर गांव खाली करवा लिए गए हैं।
जिन इलाकों को पाकिस्तान लगातार निशाना बना रहा है उनमें कुछ गांव फेंस के उस पार हैं। इनमें तिल्लावारी, सिलिकूट, हथलंगा, सूरा आदि हैं। डेढ़ हजार से अधिक लोगों ने घर छोड़ा है। एसडीएम के अनुसार 700 से अधिक लोग शिविर में हैं जबकि इतने ही लोग अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं।
शनिवार की सुबह एक बार फिर से उड़ी सेक्टर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी से गूंज उठा। इलाके के तिल्लावारी और सिलिकूट के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान ने आटोमेटिक हथियारों सहित मोर्टार शैल का भी इस्तेमाल किया। भारतीय सेना के जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। सुबह करीब 11:50 बजे शुरू हुई गोलाबारी करीब 4 घंटे तक जारी रही।