सीएपीडी की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार को जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में दुकानों पर छापामारी की। इस दौरान टीम ने ओवर चार्जिंग करने के आरोप में दुकानदारों पर 71,000 रुपये जुर्माना लगाया है।
इसके साथ ही अलग-अलग मिठाइयों के छह सैंपल भी उठाए हैं तथा उन्हें सीज करके जांच के लिए लैबोरेटरी भेज दिया गया है। सीएपीडी विभाग के सहायक निदेशक के नेतृत्व वाली टीम ने मंगलवार को रूप नगर, बनतालाब, जानीपुर, नगरोटा, अखनूर, खौड़, भलवाल, मढ़, आरएस पुरा, कठुआ, राजोरी, पुंछ और रामबन में छापामारी की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने सभी दुकानदारों के खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट चेक की।
बहुत कम लोगों ने रेट लिस्ट लगाई थी। नियमों के उल्लंघन करने वालों को टीम के सदस्यों ने दुकानदारों को 71000 रुपये जुर्माना किया है। इसके साथ ही छह सैंपल उठाकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
कठुआ जिले में 23300 रुपये जुर्माना किया
सीएपीडी विभाग की टीम ने कठुआ में अभियान चलाया। सहायक निदेशक टीपी सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने किराना, मिठाई, मीट, चिकन, होटल तथा वेजिटेबल की दुकानों पर जांच की।
टीम के सदस्यों ने एलपीजी के रेड डिसप्ले नहीं करने के चलते दुकानदारों को 23300 रुपये जुर्माना किया है। इसके साथ ही उन्होंने दुकानदारों को हिदायतें दी हैं कि तय कीमत से ज्यादा पर सामान की बिक्री न करे, वरना विभाग की टीमें छापामारी करने के लिए मजबूर होंगी।
दूसरी ओर लीगल मेट्रोलॉजी विभाग कठुआ की टीम ने मंगलवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों में छापामारी की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने दुकानदारों को 16,500 रुपये जुर्माना किया है।
लीगल मेट्रोलॉजी विभाग के सहायक नियंत्रक अजय वर्मा, इंस्पेक्टर विक्की शर्मा और देवी लखनपुरिया के नेतृत्व वाली टीम ने छापामारी की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने 22 दुकानदारों को नियमों का उल्लंघन करते पाया और 21 के चालान करते हुए 16500 रुपये जुर्माना किया।