बिश्नाह के गांव नंदपुर टिब्बा में प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे विधायक डॉ.राजीव कुमार भगत और अधिकारी
आश्वासन के बाद किसानों ने समाप्त किया प्रदर्शन, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिश्नाह। क्षेत्र के गांव नंदपुर टिब्बा में किसान की गन्ने की फसल अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर रात के अंधेरे में काटकर बर्बाद करने के विरोध में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने गांव के मुख्य मार्ग को बंद कर करीब पांच घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सड़क बंद रहने के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत, थाना प्रभारी, एसडीपीओ आरएसपुरा तथा राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की।
इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि गांव निवासी विजय कुमार पुत्र बरेयाम चंद गरीब किसान है और पिछले करीब 50 वर्षों से उक्त जमीन पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। आरोप है कि कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से विजय कुमार द्वारा लगाई गई गन्ने की फसल को रात के समय काटकर बर्बाद कर दिया। घटना के बाद गांववासियों में भारी रोष व्याप्त है। विजय कुमार ने बताया कि उसकी गन्ने की फसल बर्बाद होने से उसे करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उसने प्रशासन और पुलिस से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा हुए नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की।
मौके पर पहुंचे विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने किसान विजय कुमार को उसकी बर्बाद हुई फसल का उचित मुआवजा दिलाने का भी आश्वासन दिया। विधायक ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन और विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया और गांव का मुख्य मार्ग यातायात के लिए खोल दिया गया।