जम्मू। लंपी बीमारी से रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान तेज गति से चलाया जाए। पांच नवंबर तक सभी जिलों में मवेशियों का टीकाकरण होना चाहिए। यह बात कृषि उत्पादन विभाग के अतिरिकत मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने लंपी बीमारी पर हुई समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों को प्राथमिकता पर टीकाकरण प्रक्रिया में भाग लेने के निर्देश दिए। जिलावार आंकड़ों की समीक्षा करते हुए एसीएस ने कहा कि कश्मीर संभाग में संक्रमण और मृत्यु दर अधिक है और इसे रोकने के लिए तत्काल उपाय किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक्स, मेथिलीन ब्लू और अन्य आवश्यक दवाओं का स्टॉक सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने जिलों में फॉगिंग का भी जायजा लिया। एसीएस ने निदेशक कश्मीर को पशु चिकित्सकों, पैरा-पशु चिकित्सक और एसकेयूएएसटी के विशेषज्ञों की टीमों का गठन करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि केंद्र के विशेषज्ञों को विशेषज्ञता साझा करने और केंद्र शासित प्रदेश में बीमारी को रोकने में मदद करने के लिए बुलाया जाए।