आरएस पुरा। कोटली शाहदौला-आरएस पुरा तक दो किलोमीटर सड़क के दोहरीकरण का काम कई माह से लटका है। इस समस्या पर एडवोकेट धीरज कुमार रैना ने धारा-133 के तहत याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई करते एसडीएम आरएस पुरा रामलाल शर्मा ने संबंधित ठेकेदार को 10 सितंबर, 2022 से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं किया तो ठेकेदार के खिलाफ धारा 188 आइपीसी के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
इससे पहले एसडीएम ने लेटलतीफी पर लोक निर्माण विभाग से 10 दिन के भीतर जवाब मांगा था। विभाग की ओर से कहा गया कि निर्माण कार्य बारिश के कारण रोकना पड़ा है। अब मौसम साफ होने पर काम पूरा किया जाएगा।
उधर, क्षेत्र के लोगों ने रोष जताते कहा कि दो किलोमीटर सड़क के हिस्से में ठेकेदार ने डिवाइडर का निर्माण कर सड़क दी है। बारिश के दौरान सड़क पन बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे आवाजाही में परेशानी होती है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र शर्मा, मुकेश, अजय ने आरोप लगाया कि आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिस पर संबंधित विभाग ध्यान नहीं दे रहा।
-------
सात साल से सांबा-सुंब
मार्ग की नहीं हुई मरम्मत
सांबा। जिले से पहाड़ी कस्बे सुंब की ओर जाने वाले मार्ग का विकास कार्य सात साल से अधर में लटका है। हालांकि बैक-टू विलेज कार्यकम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को भी स्थानीय लोग ने मार्ग के मरम्मत की मांग उठा चुके हैं। उन्होंने भी आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक मरम्मत कार्य नहीं किया गया। नायब सरपंच नरेश शर्मा, स्थानीय निवासी व चालक शशी कुमार ने बताया कि सात साल से सांबा-सुंब मार्ग का विकास कार्य चल रहा है। कुछ काम करवाकर इसे अधर में छोड़ दिया जाता है। जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। इससे वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी होती है। सड़क पर कई जगह नालों पर पुलियां तक नहीं हैं। बरसात में ग्रामीणों की दिक्कतें और बढ़ जाती हैं। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार जिला प्रशासन को समस्या बता चुके हैं, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा। अब उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के शिकायत सेल से शिकायत की है।