अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में स्कूल शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन ट्रांसफर पोर्टल के तहत लेक्चररों की तबादला प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। शनिवार तक विभाग ने 26 विषयों के 1903 लेक्चररों के तबादले किए हैं। अभी पर्यावरण विज्ञान सहित कुछ अन्य विषय के लेक्चररों की तबादला सूची आनी बाकी है।
स्कूल शिक्षा विभाग की ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के तहत 2500 के करीब लेक्चरराें ने आवेदन किया था। विभाग ने गणित, काॅमर्स, फिजिक्स, केमिस्ट्री, एजुकेशन, इतिहास सहित अन्य विषयों में लेक्चररों की तबादला सूची जारी कर दी है। सबसे ज्यादा फिजिक्स के 232, केमिस्ट्री के 225, इंग्लिश के 204 लेक्चरराें के तबादले हुए हैं। इसे लेकर लेक्चरर एसोसिएशन नाखुश है। एसोसिएशन के एक सदस्य ने कहा कि विभाग ने तबादलों में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को नजरंदाज किया है। इसमें लेक्चररों को ऐसे स्कूल में भेजा गया है जहां उस विषय के बच्चे ही नहीं हैं, जबकि विभाग ने लेक्चररों के तबादलों में उस विषय में बच्चों के नामांकन को देखने को कहा था। काफी शिक्षकों को सरप्लस के रूप में शहरों में भेजा गया है। हालांकि तबादलों में ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में विषयवार लेक्चररों की भी तैनाती की गई, जिससे बच्चों को काफी लाभ मिलेगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने टीचर और मास्टर के ऑनलाइन तबादलों के बाद लेक्चररों के तबादले हो रहा हैं।