जम्मू विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त कालेजों में आगामी 24 जून से तीन वर्ष (छह सेमेस्टर) बीए/बीएससी/बीकाम (जनरल)/बीबीए/बीसीए कोर्स (समर जोन) के पहले सेमेस्टर के लिए शुरू हो रहे दाखिलों के लिए वीरवार से आनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
23 जुलाई तक लेट फीस के साथ होने वाले दाखिलों में तीन कट आफ मेरिट जारी किए जाएंगे। इसमें मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों को प्रमुख विषयों में मौका मिलेगा। इसके बाद कालेजों में पहला सेमेस्टर शुरू किया जाएगा। कालेज लाइफ को लेकर हजारों विद्यार्थियों में बेसब्री से इंतजार है।
जम्मू विश्वविद्यालय की नोटिफिकेशन में बीए/बीएससी/बीकाम सेमेस्टर के लिए जेके स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन और दूसरे मान्यता प्राप्त स्कूलों से बारहवीं (सभी विषय) में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी दाखिला प्रक्रिया के लिए योग्य होंगे। इसमें कालेजों में सीटों की उपलब्धता पर दाखिला दिया जाएगा।
इसी तरह बीबीए कोर्स के लिए बारहवीं में जनरल वर्ग में 50 और एससी/एसटी वर्ग में 45 फीसदी अंक लेने वाले दाखिला प्रक्रिया के लिए योग्य होंगे। बीसीए कोर्स के लिए बारहवीं में (गणित सहित) जनरल वर्ग में 50 और एससी/एसटी वर्ग में 45 फीसदी अंक लेने वाले विद्यार्थी योग्य होंगे।
बारहवीं में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों ने कालेज में पहला कदम रखने के लिए कई सपने संजो रखे हैं, लेकिन इस पड़ाव तक पहुंचने के लिए उन्हें प्रतिस्पर्धा के दौर से गुजरना होगा। कालेजों में प्रोस्पेक्टस जारी करने के बाद कट आफ मेरिट जारी की जाएंगी। इसमें पहली सूची में मनपसंद विषय पाने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित अंक फीसदी में टाप करना होगा।
शहर के कालेजों में ही करीब छह हजार सीटों के लिए विद्यार्थियों में कड़ी टक्कर रहेगी। इसमें फिजिक्स, इलेक्ट्रानिक, कंप्यूटर आदि प्रमुख विषयों में ज्यादा संघर्ष रहा है। इस बार यूजीसी की ओर से कई नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। इसमें कंबिनेशन विषयों में विद्यार्थियों को मौका दिया जाएगा।