घाटी में मंगलवार को भी उपद्रव जारी रहा। अनंतनाग में फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। बारामुला में सरकारी इमारत को आग लगा दी गई।
कई स्थानों पर पथराव हुआ। हिंसक झड़पों में 75 से अधिक लोग घायल हुए हैं। श्रीनगर से कर्फ्यू हटा लिया गया है।
अनंतनाग के सीर हमदान इलाके में प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया। उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान हुई झड़प में नसीर अहमद मीर नामक युवक की मौत हो गई। एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए।
बारामुला के सरकारी दफ्तर में उपद्रवियों ने आग लगाई
kashmir
- फोटो : Amar Ujala
कुछ शरारती तत्वों ने बारामुला में एक सरकारी दफ्तर में आग लगा दी। मंगलवार सुबह कुछ शरारती तत्व खुजबाग स्थित सरकारी इमारत में दाखिल हुए और उसमें आग लगा दी।
आग से कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन नहीं किया जा सका है। उपद्रवियों ने श्रीनगर के महजूर नगर इलाके में लोगों ने सुरक्षा बलों के बंकर को गिरा दिया और उसमें आग लगा दी।
हालांकि, इस बंकर का काफी दिनों से उपयोग नहीं किया जा रहा था। कुलगाम के पहलू इलाके में सुरक्षा बलों के साथ झड़प में दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए। यहां से 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बांदीपोरा में भी हिंसक झड़पें हुईं।
दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान रहे बंद
श्रीनगर में पथराव करते उपद्रवी
- फोटो : PTI
लंगेट में राष्ट्र विरोधी नारेबाजी की गई। श्रीनगर के बाहरी इलाके रंगरेट में लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि सुरक्षा बलों ने स्थानीय लोगों की पिटाई की, जबकि पुलिस विभाग के सूत्रों के मुताबिक बीती शाम इलाके में पथराव हुआ था।
मंगलवार को श्रीनगर से कर्फ्यू पूरी तरह हटा लिया गया। अलगाववादियों के बंद के आह्वान की वजह से दुकानें तथा व्यापारिक प्रतिष्ठान हालांकि, बंद रहे। पेट्रोल पंप बंद हैं। सार्वजनिक वाहन भी सड़कों से नदारद रहे। घाटी के कई इलाकों में पथराव की खबरों के बाद प्रशासन ने हिंसा के मद्देनजर सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।