-मृतक बिहार का रहने वाला था, साथियों का आरोप-संतोष काम करते अचेत होकर गिरा, पानी तक नहीं थी व्यवस्था
जम्मू। बाड़ी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन के पास माल गोदाम में भीषण गर्मी में एक श्रमिक की मौत हो गई। साथियों का आरोप है कि श्रमिक बेहोश होकर गिर पड़ा, यहां पानी की व्यवस्था नहीं थी। जब तक वे बाहर से पानी लाते, वह दम तोड़ चुका था। श्रमिक की पहचान बिहार निवासी संतोष कुमार के रूप में हुई। वह अन्य लोगों के साथ गोदाम के कोयला शेड में काम करता था।
श्रमिकों के अनुसार रविवार को काम के दौरान संतोष अचेत होकर नीचे गिर पड़ा। यार्ड में पेयजल की व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में जब तक उसके साथी बाहर से पानी लाते, वह दम तोड़ चुका था। घटना के विरोध में श्रमिकों ने कामकाज बंद कर रेलवे प्रशासन व ठेकेदार के प्रति रोष व्यक्त किया। मृतक के मामा और कोयला शेड में काम करने वाले विकास सिंह ने कहा कि कई बार ठेकेदार और रेलवे प्रशासन को यहां पीने के पानी की व्यवस्था करने की मांग की थी, लेकिन उसे अनसुना किया गया, जिसका नतीजा ये रहा कि उनके एक साथी की मौत हो गई।
न कोई रेलवे अधिकारी पहुंचा, न ठेकेदार
उन्होंने बताया कि कोयला शेड से मुख्य स्टेशन के बीच 1.5 किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में अगर किसी को प्यास लगे तो उसे इतनी दूरी तय करनी पड़ती है। संतोष सुबह से शेड में काम कर रहा था। गर्मी अधिक होने के कारण वह अचेत होकर गिर गया, आसपास पीने के पानी की व्यवस्था नहीं होने से उसने दम तोड़ दिया। इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी न तो रेलवे प्रशासन और न ही ठेकेदार श्रमिकों से मिलने पहुंचे। श्रमिकों ने कहा संतोष घर में अकेला कमाने वाला था। उसकी दो साल की एक बच्ची है। ऐसे में पूरे परिवार के साथ रोटी का संकट खड़ा हो गया है।