विजयपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर विजयपुर में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में राहगीर की मौत हो गई, जबकि ट्रैफिक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक विजयपुर का ही रहने वाला था। जानकारी के अनुसार राहगीर नेकराम पुत्र साईं दास मंगलवार को सड़क पार कर रहा था तभी अचानक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। ऐसा देख वहां पर तैनात ट्रैफिक कर्मी रोशन लाल राहगीर को उठाने के लिए मौके पर दौड़ पड़ा।
इसी बीच दुर्भाग्यवश कठुआ से जम्मू की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक कर्मी को टक्कर मार दी, जिससे रोशन लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक और बाइक चालक दोनों मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस के सहयोग से राहगीर नेकराम और ट्रैफिक कर्मी रौशन लाल को उठाकर विजयपुर इमरजेंसी अस्पताल पहुंचाया।
वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि जीएमसी पहुंचने पर राहगीर नेकराम ने दम तोड़ दिया। जबकि रोशन लाल का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज टक्कर मारने वाली बाइक और कार की तलाश शुरू कर दी है।