फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा-पीडीपी में कुछ ठीक नहीं चल रहा: उमर

Mon, 13 Jul 2015 09:37 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री तथा नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि पीडीपी-भाजपा गठबंधन के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। कोई भी इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि गठबंधन सरकार में मतभेद है। यदि किसी को सबूत चाहिए तो दिल्ली में आयोजित मुख्यमंत्री की इफ्तार पार्टी का ले सकते हैं, जिसमें कोई भी भाजपा का केंद्रीय मंत्री शामिल नहीं हुआ।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि यदि दोनों के बीच रिश्ते अच्छे होते तो मुफ्ती मोहम्मद सईद की आधिकारिक इफ्तार पार्टी में भाजपा की ओर से जरूर कोई शामिल होता। आश्चर्यजनक रूप से कुछ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उपस्थित थे, जिनके मुफ्ती से अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां केवल सत्ता की खातिर पास आई हैं। इससे राज्य में स्थिति और खराब होती जा रही है।

1931 के शहीदों को नमन करने के बाद उमर ने पत्रकारों से कहा कि मुफ्ती अक्सर कहते हैं कि यह विचारों की लड़ाई है। आज यह देखने को भी मिल रहा है। पूरे डाउन-टाउन में कर्फ्यू की स्थिति है। यह स्थिति प्रत्येक शुक्रवार को रहती है। उनके कार्यकाल में जब कभी इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न होती थी तो महबूबा मुफ्ती आवाज उठाती थीं, लेकिन आज वे चुप क्यों हैं।
विज्ञापन


उन्होंने शहीदी दिवस कार्यक्रम से भाजपा मंत्रियों के गायब रहने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सवाल पीडीपी से पूछा जाना चाहिए, जिन्होंने भाजपा के लिए यहां के दरवाजे खोले। उन्होंने शुरू में ही कहा था कि भाजपा का सत्ता में आना राज्य के लिए खतरा है। यदि वे सत्ता के भूखे होते तो भाजपा उनसे हाथ मिलाने को तैयार बैठी थी।

डेवलपमेंट पैकेज का इंतजार
उमर ने ट्विटर पर कहा कि मोदी के डेवलपमेंट पैकेज का बेसब्री से इंतजार है। सुनकर अच्छा लगा कि प्रधानमंत्री एक लाख करोड़ का वित्तीय पैकेज लेकर आ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूर्व सरकार के  44000 करोड़ रुपये बाढ़ राहत पैकेज में से 40000 करोड़ रुपये तथा 10 से 15 लाख बेरोजगार युवाओं के लिए जॉब की घोषणा करेंगे।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें