उमर अब्दुल्ला नेकां के कार्यकारी अध्यक्ष हैंं।
- फोटो : Amar Ujala
अनंतनाग उपचुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा में मुख्यमंत्री महबूबा से मुखातिब होकर कहा आप तो जीत चुकी हैं। उमर ने कहा, कौन कहता है आप हार जाएंगी। चुनाव में जब सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है तो आप हार कैसे सकती हैं।
मुख्यमंत्री के अधीन विभागों की अनुदान राशि की मांगों पर चर्चा के दौरान उमर ने कहा, जब विधायक अपने सुझाव दे रहे थे तो मुख्यमंत्री को सदन में होना चाहिए था। उमर ने कहा, हालांकि वे समझ सकते हैं कि उपचुनाव की वजह से वह नहीं आ सकीं। इस पर महबूबा ने कहा, यह चुनाव उनका है, लेकिन चिंता उमर को हो रही है।
इस अवसर पर महबूबा ने सदन में अनुपस्थित रहने के लिए खेद भी प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री होने के बावजूद उन्हें मतदाताओं के पास जाना था। चर्चा के दौरान उमर ने महबूबा के बयान का जिक्र करते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
उमर ने कहा महबूबा ने भाजपा के साथ गठबंधन के पीछे तर्क देते हुए कहा था कि वह जम्मू संभाग में 1947 के हालात नहीं बनने देना चाहती थीं। उमर ने कहा कि इससे पूर्व भी कई मर्तबा जम्मू और कश्मीर संभागों के चुनावी नतीजों में व्यापक अंतर रहा है।