पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पांपोर स्थित ईडीआई भवन में आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। माना जा रहा है कि दो से तीन आतंकी ईडीआई भवन में घुसे हुए हैं। उमर ने टिवट्रर के जरिये अपने गुस्से का इजहार करते हुए कहा कि आतंकी नहीं चाहते कि कश्मीरी युवा आत्मनिर्भर बनें।
उमर ने लिखा कि ईडीआई में ट्रेनिंग पाकर कश्मीरी युवा आत्म निर्भर बने हैं। अपने पांव पर खड़े होने के काबिल हुए हैं। पर शायद यह आतंकियों को गवारा नहीं। कोई शक नहीं कि इसी के चलते आतंकियों द्वारा इसी वर्ष दूसरी बार ईडीआई भवन पर हमला किया गया है।
उमर ने लिखा कि शायद आतंकी चाहते हैं कि कश्मीर के युवा हमेशा किसी न किसी पर निर्भर रहें और उनमें कड़वाहट भरी रहे। इससे पहले फरवरी में भी आतंकियों ने ईडीआई भवन पर हमला किया था। फरवरी में 48 घंटे तक चली मुठभेड़ में एक सैन्य अधिकारी, एक जवान शहीद हो गए थे। जबकि एक नागरिक की मौत हो गई थी। सभी तीन हमलावर आतंकियों को मार गिराया गया था।