जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित कालीबड़ी चौक एक बार फिर हादसे का सबब बन गया। दो वाहनों की जोरदार टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पांच लोग हादसे की चपेट में आने से घायल हो गए।
एक निजी शिक्षा संस्थान के वाहन से टकराए मालवाहक वाहन की टक्कर से कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग की आवाजाही प्रभावित हो गई। बहरहाल बाद में वाहनों को हटा लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बारिश के बीच सोमवार सुबह कालीबड़ी चौक पर पहुंचे एक निजी कॉलेज के विंगर वाहन (जेके08सी-0251) को जम्मू से कठुआ की तरफ आ रहे एक मालवाहक वाहन (जेके08ए-7957) ने पीछे से टक्कर दे मारी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विंगर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार कॉलेज के स्टाफ सदस्यों के अलावा चौक पर रेहड़ी लगाने वाला एक व्यक्ति भी घायल हो गया।
आनन-फानन सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर अस्सी वर्षीय बिहारी लाल निवासी पंज तिल्ला सांबा को मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं 66 वर्षीय चरणजीत सिंह निवासी वार्ड चार लखनपुर, चौबीस वर्षीय नीति कोहली निवासी कृष्णा कालोनी कठुआ, छब्बीस वर्षीय अजय कुमार निवासी कालीबड़ी कठुआ, बत्तीस वर्षीय कमल किशोर निवासी मीरपुर और सैंतालीस वर्षीय विजय कुमार निवासी शिवानगर कठुआ को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।
स्थानीय लोगों ने यातायात विभाग से सड़क हादसों पर लगाम लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में अब तक कई लोग जान गंवा चुके हैं।