माता वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं और डल लेक आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। इन दोनों जगहों के अलावा पहलगाम और गुलमर्ग में अब आने वाले पर्यटक वाई-फाई सुविधा का मजा ले सकेंगे। इसके अलावा जम्मू और श्रीनगर दोनों शहरों को आईटी स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा।
इसका निर्णय मंगलवार को सूचना तकनीकी विभाग की एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया। सूचना तकनीकी मंत्री मौलवी रजा अंसारी ने इसकी जानकारी दी है। विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए इस पर फैसला हुआ। श्रीनगर के बेमिना में आईटी भवन बनाया जाएगा। कठुआ के घाटी, जैंजाकोट और बड़गाम में आईटी पार्क बनाए जाएंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में वाइड एरिया नेटवर्क को ई डिस्ट्रिक्ट और स्टेट सर्विस डिलीवरी गेटवे प्रोजेक्ट के साथ शुरू किया जाएगा। इससे जिला और ब्लाक स्तर पर लोगों को सुविधा मिल सकेगी। मंत्री ने कहा कि कटड़ा में हर वर्ष एक करोड़ श्रद्धालु आते हैं। घाटी में भी हर वर्ष 15 से 16 लाख पर्यटक आते हैं। ऐसे में बाई फाई से इन पर्यटकों को काफी फायदा पहुंचेगा।