जम्मू। परिवहन मंत्री सतीश शर्मा ने परिवहन आयुक्त कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाण पत्र मुद्रण केंद्र का उद्घाटन किया। यहां ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाण पत्र की छपाई की जाएगी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के इतिहास में यह पहली बार है कि वाहन मालिकों को पीवीसी कार्ड टाइप आरसी जारी की जाएगी। लंबित ड्राइविंग लाइसेंस 90 दिनों में जारी होंगे।
मंत्री ने जनता को त्वरित सेवाएं प्रदान करने और उनकी शिकायतों के त्वरित निवारण में एमवीडी के प्रयासों की सराहना की। अमर उजाला के 14 मार्च के अंक में जम्मू संभाग में 1.2 लाख आवेदकों को नौ माह से डीएल का इंतजार शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद विभाग हरकत में आया और केंद्र का उद्घाटन किया गया है।
विज्ञापन
मंत्री ने मोटर वाहन विभाग की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। जैसे पुरानी बसों और मिनी बसों को बदलने के लिए 5 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इसके अलावा एग्रीगेटर लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। स्वचालित वाहन निरीक्षण और प्रमाण पत्र केंद्र (आईसीसी) क्रमशः कोट भवाल, जम्मू और सांबा में काम पूरा होने वाला है।
सार्वजनिक परिवहन वाहनों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए निर्भया फ्रेमवर्क के तहत वाहन स्थान ट्रैकिंग प्लेटफ़ॉर्म, पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा दी जा रही है। मंत्री ने कहा कि डीएल की बकाया प्रिंटिंग को पूरा करने के लिए श्रीनगर में डीएल और आरसी प्रिंटिंग सेंटर को 30 दिनों के भीतर चालू कर दिया जाएगा।