रियासी। जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए आवाजाही करने वाले लोगों के लिए ई-पास जरूरी कर दिया गया है। बिना ई-पास के कोई भी व्यक्ति एक स्थान से दूसरे स्थान पर नहीं जा सकेगा। हालांकि सरकारी कर्मचारियों और मीडिया कर्मियों को पहचान पत्र के साथ आवागमन की छूट दी गई है।
बुधवार दोपहर को डीसी चरणदीप सिंह ने बताया कि जिन दुकानों को खोलने के निर्देश जारी किए हैं, उनके दुकानदारों को भी ई-पास बनाना होगा। अगर कोई व्यक्ति सामान लेने के लिए बाजारों में आता है तो उस को जिला प्रशासन की साइट पर ई-पास बना कर मंजूरी लेनी होगी। ई-पास की कॉपी अगर नहीं मिल पाती है तो मोबाइल पर आया मैसेज भी मान्य होगा। बताया कि कुछ स्थानों पर कोरोना कर्फ्यू का उल्लघन हो रहा है, जिस कारण यह फैसला लिया गया है। आपातकालीन स्थिति में बिना ई-पास वालों को कारण बताने के बाद अनुमति दी जाएगी।