सलाल पनबिजली परियोजना में रविवार सुबह आठ बजे से 24 घंटे के लिए बिजली उत्पादन रिजरवारों की साफ-सफाई के चलते बंद कर दिया गया। आशंका थी कि गर्मी के मौसम से जम्मू में रविवार को अतिरिक्त बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, बल्कि अन्य दिनों की तुलना में बिजली आपूर्ति में सुधार रहा।
बिजली विभाग की ईएमएंडआरई डिवीजन के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर सुनील कुमार का कहना है कि सलाल के 24 घंटों के लिए बंद होने से जम्मू में पचास से सौ मेगावाट के बीच कम बिजली तो मिली लेकिन रविवार को उद्योग बंद होने के अलावा बेहतर रहे मौसम से तापमान सामान्य से कम रहने से बिजली ढांचे पर ओवरलोड ज्यादा नहीं हुआ और इससे विभाग बिजली की बेहतर आपूर्ति कर पाया।
जानकारी के अनुसार सलाल में सोमवार सुबह आठ बजे तक साफ-सफाई का काम चलेगा और इसके बाद वहां पर सामान्य बिजली उत्पादन शुरू हो जाएगा। रियासी जिले में स्थित एनएचपीसी की 690 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता वाली सलाल पनबिजली परियोजना से जम्मू-कश्मीर रियासत को 12 फीसदी मुफ्त बिजली मिलती है।