कठुआ के शहीदी चौक पर सादे कपड़ों में ड्यूटी रहे पुलिसकर्मी पर गोली दागने वाले अब तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। सोमवार की सुबह वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। हमलावरों की कार और मोबाइल हाथ लगने के बावजूद आरोपियों की पक्के तौर पर पहचान नहीं हो पाई है। शहर में नशाखोरी में संलिप्त कई युवकों से पूछताछ जारी है। पुलिस की टीम बाहरी राज्यों में दबिश देने के लिए रवाना हो गई है। बहरहाल, घटना के दूसरे दिन तक पुलिस आरोपियों की पक्के तौर पर शिनाख्त करने में नाकाम रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार लेकर कठुआ शहर में घूम रहे युवक असल में कठुआ में किसी से मिलने आए थे। इनके तार नशे के कारोबार से जुड़े होने से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। यही वजह है कि वारदात के बाद से फरार आरोपियों के साथ तार जुड़े होने के शक में शहर के कई ऐसे तत्वों की पुलिस ने धरपकड़ की जो या तो नशे के कारोबार की पृष्ठभूमि रखते हैं या फिर खुद दवाओं से लेकर बेहद घातक नशा करते हैं। मंगलवार तक कई युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ भी दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को कार से मोबाइल मिले हैं, जिनकी कॉल डिटेल से आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी का पीछा करते हुए पुलिस की टीमें पंजाब और हरियाणा राज्यों में दबिश दे रही हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी फिलहाल पकड़े नहीं गए हैं, लेकिन पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंच सकती है। गौरतलब है कि सोमवार की सुबह शहीदी चौक पर एंटी गुंडा स्क्वायड के सदस्य पुलिसकर्मी ने संदेहास्पद स्थिति में कार सवार दो युवकों से पूछताछ की थी। इसी दौरान मामला हिंसक हो गया और एक युवक ने पुलिस कर्मी के पेट में गोली मार दी थी।