आतंकी धमकियों के बावजूद भोले के भक्तों में जबरदस्त उत्साह है। बाबा के दरबार में हाजिरी देने के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन एवं राज्यपाल एनएन वोहरा ने पवित्र गुफा में राज्य की शांति, समृद्धि और विकास की यात्रा की प्रथम पूजा में कामना की।
इस बीच आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से सुहावने मौसम के बीच दूसरे जत्थे में 2481 यात्री रवाना हुए। इसमें 66 छोटे-बड़े वाहनों में 1638 पुरुष, 663 महिला, 179 साधु और एक किन्नर शामिल रहे। प्रथम पूजा से पूर्व राज्यपाल ने श्राइन कैंप का दौरा कर प्रबंधों का जायजा लिया।
उन्होंने संतोषजनक इंतजामों के लिए राज्य सरकार, सेना, सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस, राज्य पुलिस और दूसरी संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने कैंप निदेशकों को यात्रियों की सहूलियत के लिए सभी जरूरी इंतजाम पुख्ता बनाने के निर्देश दिए। बोर्ड के सीईओ उमंग नरुला ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य और यात्रा अनुमति पर ही यात्रियों को यात्रा की इजाजत दी जाएगी। बोर्ड की ओर से क्या करें, क्या न करें की हिदायतों का पूरी तरह से पालन करके यात्री अपनी यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाएं।