रणजी ट्राफी में ग्रुप ए की अंक तालिका में ऊपर रहने के लिए जेएंडके को बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है। पांच मुकाबलों में दस अंक जुटाकर जेएंडके अभी सूची में शामिल है, लेकिन अगले बचे हुए तीन मुकाबलों में जेएंडके को ऊपर आने के लिए मेहनत करनी होगी।
13 जनवरी को अपने छठे मुकाबले में जेएंडके कोलकाता में बंगाल के खिलाफ मैदान पर उतरेगा। इसके अलावा 21 जनवरी को रेलवे और 29 जनवरी को ग्वालियर में मध्य प्रदेश के खिलाफ मुकाबला खेलेगा।
अपने पहले मुकाबले में मुंबई पर ऐतिहासिक जीत के बाद जेएंडके को कोई विजय नहीं मिल पाई है। पिछले पांच मुकाबलों में तमिलनाडु और कर्नाटक ने जेएंडके पर शानदार जीत दर्ज की। कानपुर में हुए मुकाबले में उत्तर प्रदेश के खिलाफ भी कोहरे ने जेएंडके का साथ दिया।
इसमें तीन दिन मौसम खराब रहने से खेल प्रभावित हुआ, लेकिन आखिर दिन जेएंडके के बल्लेबाज लुढ़ककर किसी तरह संभले थे। बडोदरा के खिलाफ जेएंडके कुछ हद तक बेहतर प्रदर्शन करने में कामयाब रहा और यहां एक पारी की बढ़त से जेएंडके को तीन अंक मिले थे।
जेएंडके को ग्रुप ए में बढ़त कायम रखने के लिए अगले तीन मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। इन मुकाबलों में जेएंडके को सलामी बल्लेबाज शुभम खजूरिया के न खेलने का नुकसान हो सकता है।
मुंबई के खिलाफ ऐतिहासिक जीत में शुभम ने शानदार 185 रन ठोककर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस जीत के बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने शुभम की प्रशंसा करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया था।
हालांकि, इस बार घरेलू मैदानों से चार मुकाबलों की मेजबानी छिनने का जेएंडके को नुकसान उठाना पड़ा है। पिछले सीजन में जेएंडके ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।