बढ़ती उम्र शुरुआती पढ़ाई में बाधा न बने, इसके लिए शिक्षा विभाग पहली बार जम्मू संभाग में ब्रिज कोर्स शुरू करने जा रहा है। ब्रिज कोर्स के जरिये विद्यार्थी एक वर्ष में दो या फिर तीन कक्षाएं पढ़कर पास कर सकेगा। इसके लिए अलग से पाठ्यक्रम तैयार किया जाएगा। शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा और बढ़ती उम्र पढ़ाई में बाधा नहीं डालेगी।
सर्व शिक्षा अभियान के विद्यार्थियों को शिक्षित बनाने का प्रयास जारी है। ग्रामीण इलाकों में बढ़ती उम्र विद्यार्थियों के लिए शिक्षा में बड़ी बाधा बनती है। स्कूल छोड़ चुके विद्यार्थी को जब स्कूल में वापस लाया जाता है तो उम्र ज्यादा होने के कारण विद्यार्थी छोटी कक्षा में पढ़ने को तैयार नहीं होता है।
इसका उपाय शिक्षा विभाग ने ब्रिज कोर्स से निकालने का प्रयास किया है। ब्रिज कोर्स से विद्यार्थी एक ही वर्ष में दो या फिर तीन कक्षाएं पास कर सकेगा। ब्रिज कोर्स तीन चरणों में होगा। पहले चरण में विद्यार्थी एक वर्ष में पहली, दूसरी और तीसरी कक्षा को एक वर्ष में पास कर सकेगा। दूसरे चरण में चौथी और पांचवीं और तीसरे चरण में विद्यार्थी छठी और सातवीं कक्षा को एक ही वर्ष में पढ़कर पास कर सकेगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है।
ब्रिज कोर्स की पढ़ाई पढ़ाने के लिए शिक्षकों को अलग से प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिक्षक को बताया जाएगा किस प्रकार वह विद्यार्थियों को एक ही वर्ष में दो या फिर तीन कक्षाओं की पढ़ाई करवा सकेंगे। ब्रिज कोर्स के लिए पाठ्यक्रम भी अलग से तैयार किया जाएगा। शिक्षा बोर्ड इसके लिए पाठ्यक्रम तैयार करेगा। इसके लिए शिक्षा बोर्ड को निर्देश दे दिए गए हैं।