उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के टीटवाल गांव में किशनगंगा नदी के तट पर नवनिर्मित शारदा मंदिर को बुधवार को जनता के लिए खोल दिया गया है। इसका शुभारंभ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ऑनलाइन किया है। मंदिर खुलने के साथ ही क्षेत्र में रौनक बढ़ गई है और मंदिर में घंटियों की आवाज से पूरा इलाका दिनभर गूंजता रहा है।
जिला प्रशासन कुपवाड़ा ने गृहमंत्री अमित शाह, उप राज्यपाल मनोज सिन्हा और सांसद तेजस्वी सूर्या के लाइव संबोधन को देखने के लिए भक्तों की सुविधा के लिए कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की थी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना भी मौजूद थे। सैव शारदा कमेटी कश्मीर के संयोजक रविंदर पंडिता और सुरिंदर मिर्जा सहित समिति के अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में डीसी कुपवाड़ा डॉ. डोईफोड सागर दत्तात्रेय के प्रयासों की सराहना की।
उधर, डीसी ने इस मौके पर मंदिर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का भी शुभारंभ किया। मुख्य कार्यक्रम में ब्रिगेड कमांडर 104 इन्फेंट्री ब्रिगेड तंगधार एनके दास, एसएसपी कुपवाड़ा युगल मन्हास, एडीसी कुपवाड़ा गुलाम नबी भट, एसडीएम करनाह डॉ. गुलज़ार अहमद राथर समेत काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।