रियासी। नवनियुक्त डीसी चरणदीप सिंह ने कहा कि जिले के लोगों को स्वास्थ्य संबंधित सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। नागरिकों को जिला अस्पताल के साथ ही अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधा वैक्सीन लगवाई जाएगी।
शुक्रवार को जिला अस्पताल का दौरा करते हुए डीसी ने सबसे पहले आक्सीजन जनरेट प्लांट का निरीक्षण किया। इसके बाद अस्पताल के इमरजेंसी ब्लॉक का दौरा किया। वहां पर कोविड के लिए किए गए जरूरी इंतजामों को जाना। पिछले एक वर्ष से बंद पडे़ हुए वेंटिलेटर को जल्द शुरू करने को कहा गया ताकि किसी भी आपात समय के दौरान लोगों को सुविधा मिल सके। डीसी ने कहा कि अगर और वेंटिलेटर मंगवाने की जरूरत होगी तो इसके लिए तैयार हैं। अस्पताल के भीतर पड़े सामान को लेकर उसे सही स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए। गौरतलब है कि डेढ़ महीने पहले रियासी में कार्यरत डीसी अजय कुमार शर्मा का तबादला वीरवार रात को कर दिया गया। शुक्रवार दोपहर को नए डीसी चरणदीप सिंह ने पदभार संभाला और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी की गई।