संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। नए साल के पहले दिन सोमवार को मंदिरों में माथा टेकने के लिए भक्तों का जनसमूह उमड़ा। बावे वाली माता मंदिर, श्री रणबीरेश्वर मंदिर, रघुनाथ मंदिर, नगरोटा स्थित कोल कंडोली माता मंदिर, आप शंभू मंदिर जानीपुर सहित अन्य छोटे-बड़े मंदिरों में शहरवासियों ने माथा टेक नववर्ष की शुरुआत की। दिनभर सभी मंदिर जयकारे और घंटियों से गूंजते रहे। प्रसिद्ध मंदिर मां बावे वाली के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की।
तड़के 4:30 बजे ही मां बावे वाली माता मंदिर के कपाट खुल गए। इसके बाद भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दर्शन के लिए दिनभर गर्भगृह से लेकर मुख्य प्रवेश द्वार तक कतारें लगी रहीं। हाथों में फूल, प्रसाद और मन में मनोकामना लिए भक्तों ने दरबार में शीश नवाया। पूरा परिसर जयकारे से गूंजता रहा। सुबह 11 बजे के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होती गई। रात 9 बजे तक लोग हाजिरी लगाते रहे। मंदिर कमेटी ने लंगर भी लगाया।
नगरोटा स्थित कोल कंडोली माता मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देश के अन्य राज्यों से भी भक्तों ने मां के दीदार किए। कमेटी की ओर से लंगर की व्यवस्था की गई। इसी तरह ऐतिहासिक रणबीरेश्वर मंदिर और रघुनाथ मंदिर में भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु आए। गांधीनगर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, आप शंभू मंदिर जानीपुर सहित अन्य मंदिरों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा।
पार्क भी गुलजार, पिकनिक मनाने पहुंचे परिवार
शहर के पार्क भी लोगों से गुलजार रहे। लोग परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए पहुंचे। बाग-ए-बाहु, महाराजा हरि सिंह, तवी रीवर फ्रंट सहित अन्य पार्कों में लोगों का जमघट लगा रहा। उधर, जंबू जू में भी बड़ी संख्या मेें लोग जश्न मनाने के लिए आए।