अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रेल यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़भाड़ को कम करने के लिए रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल-उधमपुर, नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और जम्मू-उदयपुर सिटी के बीच समर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया है।
04053-04054 आनंद-विहार टर्मिनल-उधमपुर एसी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन है। ये ट्रेन कुल 40 फेरे लगाएगी। ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से 24 अप्रैल से 29 जून तक सोमवार और वीरवार को चलेगी। वहीं उधमपुर से आनंद विहार टर्मिनल के लिए ट्रेन 25 अप्रैल से 30 जून तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी और कुल 20 फेरे लगाएगी। वहीं 04672-04671 कटड़ा-नई दिल्ली-कटड़ा आरक्षित स्पेशल ट्रेन है। कटड़ा से नई दिल्ली के लिए ट्रेन 23 अप्रैल से दो जुलाई तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। वहीं नई दिल्ली से कटड़ा के लिए 24 अप्रैल से 3 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार चलेगी। वहीं 04656-04655 जम्मू-उदयपुर-जम्मू गरीब रथ एक्सप्रेस 20 फेरे लगाएगी। जम्मू तवी से उदयपुर सिटी के बीच ट्रेन 27 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक वीरवार को चलेगी। वहीं उदयपुर से जम्मू के लिए 28 अप्रैल से 30 जून तक प्रत्येक शुक्रवार को ट्रेन चलेगी।